कुचामनसिटी में ‘साइबर पाठशाला’ अभियान शुरू:प्रशासन ने डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक

डीडवाना-कुचामन जिले में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साइबर पाठशाला” जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया है। कुचामनसिटी स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में इस अभियान की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और ग्राम रक्षकों को साइबर जागरूकता से जोड़ा गया, जिससे वे डिजिटल खतरों से सुरक्षित रह सकें।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र सिंह खड़गावत और पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर मौजूद रहीं। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा टिप्स, पब्लिक वाई-फाई के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया सावधानियां, व्हाट्सएप व एसएमएस फ्रॉड, मोबाइल और कंप्यूटर सुरक्षा सहित साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान “साइबर पाठशाला” पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह, वृताधिकारी मुकेश चौधरी, आरपीएस (प्रो.) ऋतु चौधरी और स्कूल प्रिंसिपल डॉ. ओमवती दीक्षित सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिले के ग्राम रक्षकों को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा से जोड़ा गया और उन्हें ग्राम रक्षक पुस्तिका व बैज प्रदान किए गए।
छात्र-छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि “साइबर पाठशाला” अभियान जिले के स्कूलों, कॉलेजों, चौपालों और ग्राम पंचायत स्तर पर निरंतर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *