गुमला|सदर प्रखंड अंतर्गत कुटमा गांव स्थित भूरिया कमेटी चबूतरा में पेड़ काटने व बेचने के विवाद को लेकर सोमवार को ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक गुमला थाना में सनहा दर्ज होने के बाद बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान महावीर पाहन ने की। इस दौरान मुखिया, सरपंच एवं वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम सभा में कुटमा निवासी धनंजय जायसवाल द्वारा महावीर साहू, सोमरा खड़िया, घुडा खड़िया, बंधन लोहारा, मनक महतो एवं रूपेश सिंह को आरोपी बनाए जाने के मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। आरोप था कि करंज पेड़ को रूपेश सिंह द्वारा बेच दिया गया, जिसके विरोध में धनंजय जायसवाल ने गुमला थाना में सनहा दर्ज कराया है। बैठक के दौरान ग्रामीणों द्वारा की गई जांच-पड़ताल में पाया गया कि संबंधित जमीन स्वर्गीय रामनवमी सिंह की निजी संपत्ति है। उनके पोते रूपेश सिंह ने अपनी माता के इलाज के लिए आर्थिक आवश्यकता को देखते हुए उक्त जमीन पर लगे छह करंज पेड़ों को नामित व्यक्तियों के बीच बेचा था। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जमीन और उस पर लगे पेड़ रामनवमी सिंह की निजी संपत्ति थे तथा पारिवारिक आवश्यकता के कारण पेड़ बेचे गए। इसलिए धनंजय जायसवाल द्वारा दर्ज कराया गया। सनहा गलत पाया गया। बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि धनंजय जायसवाल का परिवार लगभग 30 वर्षों से कुटमा गांव से बाहर निवास कर रहा है। बैठक में सोमरा इन्दवार, प्रहलाद महतो, झालो इन्दवार, धर्मी देवी, जतरू इन्दवार, गीता देवी, बीरसमुनी देवी, कुंती देवी, मुनी देवी, सुकरू लोहारा, महावीर साहू, प्रदीप लोहारा, राजीव कुजूर, चौरासी उरांव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। अंत में ग्राम सभा ने गांव में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।


