कुत्ते ने बच्ची को काटा, लोगों ने मार डाला; VIDEO:पिता के साथ जा रही थी बाजार, पीछे से किया था हमला

पिता के साथ बाजार जा रही 3 साल की बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के हाथ पर काट लिया। जख्मी बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर गए। इधर, घटना के बाद भीड़ ने कुत्ते को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। मामला चित्तौड़गढ़ में रावतभाटा के चेतक मार्केट का गुरुवार का है। निखिल कोहली ने बताया- मैं सुबह करीब 11:15 बजे बेटी संध्या (3) को स्टेशनरी और मौजे दिलवाने बाजार जा रहा था। बेटी बहुत खुश थी और उछल-कूद करते हुए चल रही थी। इसी बीच एक कुत्ते ने पीछे से संध्या पर हमला कर दिया और हाथ को काट लिया। इसी कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही एक अन्य बच्ची प्रज्ञा (3) पर हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुत्ता पागल हो गया था। कई लोगों पर हमला कर चुका था। उन्होंने बताया कि कुत्ते के हमले की जानकारी हमने नगरपालिका में दी। लेकिन, नगरपालिका कर्मचारियों ने दोपहर बाद आने को कहा। इसके बाद स्थानीय लोग हाथों में डंडे लेकर खुद कुत्ते की तलाश में जुट गए। कुत्ता मिलने पर भीड़ ने उसे डंडों से पीटकर मार डाला। 19 दिनों में 49 लोग डॉग बाइट के शिकार बता दें कि रावतभाटा क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग की बढ़ती संख्या और हमलों के ग्राफ को देखते हुए कुछ महीने पूर्व नगरपालिका ने स्ट्रीट डॉग पकड़ने का लाखों रुपए का टेंडर जारी किया था। इस ठेके के माध्यम से क्षेत्र से स्ट्रीट डॉग्स पकड़वाकर उनकी नसबंदी और ऐंटी रेबीज के डोज लगवाकर छोड़ना था। इसके बावजूद गली मोहल्लों में न तो डॉग्स की जनसंख्या पर नियंत्रण पाया जा सका और न ही डॉग बाइट के मामलों में कमी आई। रावतभाटा उपजिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार दिसंबर महीने में अभी तक करीब 49 लोग डॉग बाइट का शिकार हो चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *