सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में 14 फरवरी से शुरू होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण रुद्राक्ष दर्शन और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होने की संभावना है। पुलिस ने किया निरीक्षण महोत्सव की सफल और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने धाम का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मंदिर प्रांगण में एक स्थायी कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन आसान और सुरक्षित हो। भोजनशाला के निकासी द्वार के पास स्थित नाले को जाली से ढकने का भी निर्देश दिया गया, ताकि कोई दुर्घटना न हो। श्रद्धालुओं से पौधा लगाने की अपील पंडित मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव प्रकृति के आराध्य हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु संकट को देखते हुए शिवरात्रि को पर्यावरण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने घर या आसपास कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। विशाल भोजनशाला में होगा भंडारा इस बार रुद्राक्ष महोत्सव की भव्यता पहले से कई गुना अधिक होगी। कुबेरेश्वर धाम परिसर में 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट में विशाल पक्का पंडाल बनाया गया है, जिसमें एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु कथा श्रवण कर सकेंगे।श्रद्धालुओं के लिए 10 एकड़ क्षेत्र में भोजनशाला तैयार की गई है। साथ ही, 1 लीटर पानी की बोतल सिर्फ 5 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक करीब 20 अस्थायी अस्पताल बनाए जा रहे हैं। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे विभाग के सहयोग से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई है।सुरक्षा के लिए परिसर में 256 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। सात दिन, अलग-अलग संतों का आगमन महोत्सव सात दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन अलग-अलग संत कथा में शामिल होंगे, ताकि एक दिन में अत्यधिक भीड़ न हो।17 फरवरी को विशेष रूप से बागेश्वरधाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे। इसके अलावा विभिन्न दिनों में देश के मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि भी कथा में भाग लेंगे। इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव सीहोर जिले के कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक भव्य रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार यह आयोजन ‘ग्रीन शिवरात्रि’ की थीम पर होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता है। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का एक वैश्विक अभियान है। पूरी खबर पढ़ें…


