पूगल थाना क्षेत्र की कुम्हारवाला नहर में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पूगल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, चक 4 KWM के पास नहर में मिला यह शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव काफी पुराना होने के कारण सड़ चुका था और उसका सिर धड़ से अलग था। पूगल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पहचान न होने पर, पुलिस ने शव का फोटो रिकॉर्ड और पंचनामा तैयार किया। नियमानुसार, शव का मौके पर ही अंतिम संस्कार करवा दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है ताकि शव की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।


