कुशवाहा भवन में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर आक्रोश:गर्ल्स हॉस्टल खाली कराने महिला पुरुष जुटे, महिलाओं ने लगाया पथराव का आरोप

राजधानी भोपाल के सेकेंड स्टॉप स्थित कुशवाहा भवन में चल रहे मां पीतांबरा गर्ल्स हॉस्टल में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के बाद कुशवाहा समाज में भारी आक्रोश फैल गया। इस घटना के विरोध में प्रांतीय कुशवाहा समाज ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इनका आरोप है कि धरने पर बैठी महिलाओं पर हॉस्टल के अंदर से पथराव किया गया। महिलाओं ने बताया कि हॉस्टल से कई आपत्तिजनक सामग्री मिली है। बता दें कि समाज के भवन पर आधिपत्य को लेकर चल रहा विवाद गुरूवार को हंगामे और मारपीट में तब्दील हो गया। 13 साल से किराए पर संचालित गर्ल्स हॉस्टल को बंद कराने और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाहा के कब्जे से भवन को मुक्त कराने की मांग को लेकर प्रांतीय कुशवाहा समाज की अगुवाई में समाजजनों ने गुरूवार को धरना दिया था। समाज अध्यक्ष योगेश कुशवाहा का आरोप है कि ये भूमि सामाजिक कार्यों के लिए आवंटित की गई थी, परंतु फर्जी किराया नाम बनाकर भगत सिंह कुशवाहा यहां हॉस्टल चला रहे हैं। यहां अनैतिक गतिविधियां हो रही थी। महिलाओं के मुताबिक, जब वे प्रदर्शन के दौरान हॉस्टल के अंदर गईं, तो वहां कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। महिलाओं ने कहा कि यह घटना समाज की प्रतिष्ठा पर सीधा हमला है। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी की और कुशवाहा भवन को खाली करने की मांग की। इस पूरे घटनाक्रम में भगत सिंह कुशवाह पर गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *