भास्कर न्यूज | अमृतसर थ्री-आर कंपनी ने शहर के 384 किमी मेन रोड और वीआईपी इलाकों में सड़कों पर कूड़ा क्लीन करने के लिए जीपीएस लैस 6 नई गाड़ियां मंगवाई है। जो 9 घंटे तक सड़कों को खंगालेगी कि कहां कूड़ा पड़ा है। जिसके बाद मौके पर ही उठाया जाएगा। ड्राइवर व 2 हेल्पर इस गाड़ी में चलेंगे। सुबह 11 बजे से पेट्रोलिंग ह्वीकल अपना काम करना शुरू करेगी और रात 8 बजे तक सभी मेन रोड को कवर कर कूड़े हटाएगी। एकबार में करीब सवा ठन कूड़ा उठाने की क्षमता है। जिस सड़क पर निकलेगी कूड़ा मिलने पर साफ करते हुए डंप साइट पर पहुंचाएगी। इस गाड़ी को खास बनाने के लिए पीली बत्ती लगाई गई है। जो सड़क पर चलने व कूड़ा उठान के दौरान जलती रहेगी ताकि लोगों को पता लग सके कि सड़कों से कूड़ा उठाने का काम किया जा रहा है। बता दें कि थ्री-आर कंपनी करीब 5 माह से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम कर रही है। 85 वार्डों को कवर करने के लिए 215 मिनी टिप्पर लगाए जा चुके हैं। 120 गाड़ियों में जीपीएस एक्टिव कर दिया गया है जो अब रास्ता नहीं भटकेंगी। यदि कोई भी ड्राइवर मनमाने तरीके से दूसरे वार्ड या अन्य जगह गाड़ी ले जाता है, तो कंपनी के उच्च अफसरों को पता लग जाएगा। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर 4 लाख में से करीब डेढ़ लाख घरों में क्यूआर कोड लगाया जा चुका है। हालांकि, कूड़े की शिकायतें कम आएं इसके लिए डेली हर घर तक पहुंच बनाने का निर्देश कंपनी के उच्च अफसरों ने दिया है। यदि किसी घर से कूड़ा नहीं उठता तो हेल्पलाइन नंबर 18002035850 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सेम-डे निपटारा कराया जाएगा। दरअसल, सड़कों पर कूड़ा की समस्या बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में कंपनी ने अब पेट्रोलिंग गाड़ियां भी लगाने की तैयारी कर ली है। हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती कंपनी के सामने यह आ रही कि लोग सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंक रहे।


