लुधियाना| शहर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को एक कूरियर कंपनी में रेड कर करीब 14 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच की जांच अधिकारी ममता मिन्हास ने बताया कि चार दिन पहले पुलिस ने करीब एक क्विंटल गांजा बरामद किया था। उसी मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए टीम उपकार नगर स्थित कूरियर कंपनी एक्सप्रेस-बी में परमाना देने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कंपनी में बेंगलुरु से आया एक संदिग्ध कूरियर पार्सल मौजूद है। पुलिस ने जब पार्सल की तलाशी ली तो उसके अंदर से करीब 14 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर कूरियर कंपनी के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह पार्सल बेंगलुरु से किसने भेजा और लुधियाना में इसे किस व्यक्ति को डिलीवर किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कूरियर के जरिए नशा तस्करी करने वाले गिरोह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


