सिटी रिपोर्टर| भिलाई भाजपा प्रवक्ता नितेश साहू ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में किसानों के खातों में अंतर राशि एवं इनपुट सहायता के रूप में 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण, राज्य सरकार की किसान हितैषी नीति का सशक्त प्रमाण है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान उत्पादक किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से भुगतान सुनिश्चित कर सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नितेश ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। होली जैसे पावन पर्व से पूर्व किसानों के खातों में सीधे राशि अंतरण से लाखों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है। यह निर्णय केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अन्नदाताओं के सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। राज्य सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना भाजपा की नीति और संकल्प दोनों है। यह राशि किसानों को आधुनिक कृषि संसाधन अपनाने, खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।


