केंद्रीय टीम ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण, सुविधाओं को देखा

भास्कर न्यूज | सरायकेला दिल्ली से आई केंद्रीय टीम के रिसर्च एनालिस्ट आदर्श गुप्ता और राहुल कुमार ने सोमवार को सरायकेला सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम ने स्वास्थ्य केंद्र मांगुडीह और एक हेल्थ सब सेंटर का दौरा किया। टीम सरायकेला जिले में तीन दिनों तक विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का जायजा लेगी। आगे मंगलवार को टीम गम्हरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और एक हेल्थ सब सेंटर का निरीक्षण करेगी। वहीं बुधवार को राजनगर प्रखंड क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और एक हेल्थ सब सेंटर का दौरा निर्धारित है। केंद्रीय टीम के दौरे के क्रम में सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट नकुल प्रसाद चौधरी एवं सभी चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। केंद्रीय टीम के दौरे के कारण स्वास्थ्य विभाग के अधीनस्थ कार्यरत सभी कर्मचारियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है । सिविल सर्जन डॉक्टर अजय कुमार ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए सदर अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारियों को सूचित किया है। केंद्रीय टीम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं का आकलन करना, आधारभूत संरचना का निरीक्षण करना और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की सटीकता को सत्यापित करना है। टीम के रिसर्च एनालिस्ट आदर्श ने कहा कि हमारा काम स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी संचालन, मिलने वाली सुविधाओं और वहां मौजूद चुनौतियों का निरीक्षण करना है। जो भी डेटा डिजिटली रिकॉर्ड किया गया है, उसकी सत्यता की जांच करके हम एक रिपोर्ट मिनिस्ट्री को सौंपेंगे। इसके अलावा, पीआईपी की मॉनिटरिंग और इवैल्यूएशन भी हमारी प्राथमिकताओं में है। टीम ने अस्पतालों में अपलोड किए गए हेल्थ मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम को वेरिफाई करने का काम शुरू कर दिया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि डिजिटली अपलोड किए गए आंकड़े भौतिक रूप से दर्ज आंकड़ों से मेल खाते हों। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन ने अपनी सुविधाओं और चुनौतियों को साझा किया। टीम ने सुझाव दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए सरकार से किस प्रकार की मदद ली जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *