केंद्रीय बजट विकसित भारत की नींव: मंत्री लखन पटेल:पन्ना में भाजपा नेताओं ने गिनाईं बजट की खूबियां, युवाओं को मालिक बनाने का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया केंद्रीय बजट विकसित भारत की नींव रखने वाला है। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल ने पन्ना जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने बजट को केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि युवाओं को ‘नौकर’ के बजाय ‘मालिक’ बनाने का संकल्प बताया। मंत्री पटेल ने बजट के तकनीकी और आर्थिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस बजट के माध्यम से प्रत्येक जिले को लगभग ₹6,635 करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास और समृद्धि आएगी। पटेल ने तुलना करते हुए बताया कि जहां अमेरिका जैसे विकसित देशों का कर्ज उनकी जीडीपी का 111% है, वहीं भारत का कर्ज जीडीपी के 4.5% से भी कम है। उन्होंने ‘एक देश, एक टैक्स’ (GST) और स्थिर टैक्स स्लैब को व्यापारियों के लिए भयमुक्त वातावरण बनाने वाला बताया। उनके अनुसार, अब व्यापारी निडर होकर देश की उन्नति में योगदान दे रहे हैं। इस बजट में युवाओं के लिए स्टार्टअप के अवसर और महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाओं को केंद्र बिंदु बताया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष जयप्रकाश चतुर्वेदी, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे, नगर मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता, अमित परमार और रवि पांडे सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने इस बजट को ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को सार्थक करने वाला और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम करार दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *