भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में 5 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर राज्य भर से जवानों को दंतेवाड़ा में लाया गया है। दंतेवाड़ा शहर से लेकर गांव तक जवानों की तैनाती की जा रही है। दंतेवाड़ा में 5 अप्रैल को सुबह 11 बजे अमित शाह कारली हेलीपेड में पहुंचेंगे उसके बाद दंतेश्वरी मंदिर दर्शन करने जाएंगे। यहां से हाईस्कूल ग्राउंड में बस्तर पंडुम के समापन में शामिल होंगे। शाह के कार्यक्रम के लिए पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कार्यक्रम की पूरी रूप रेखा छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा बना रहे हैं। बस्तर पंडुम में गुरुवार को पहुंचे विजय शर्मा यहीं रुके हुए हैं। साथ ही पुलिस के आला अधिकारी छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम, बस्तर आईजी पी सुंदरराज, सीआरपीएफ के अधिकारियों के द्वारा पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था देखी जा रही है। अमित शाह के कार्यक्रम में संभाग भर से बस्तर पंडुम में सम्मिलित प्रतिभागी शामिल होंगे। नक्सल क्षेत्रों में बढ़ाई गई गश्त: केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास को देखते हुए दंतेवाड़ा सीमा के सभी नक्सल क्षेत्रों में गश्त बढा दी गई है। नक्सलियों ने भी सुकमा, दंतेवाड़ा जिले में बंद का आह्वान किया है, जिसको देखते हुए भी पुलिस अलर्ट हो गई है। जिले में प्रवेश करने वाले हर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।


