केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा में खेल दिवस पर विजयी छात्रों को मिला मेडल व प्रमाण-पत्र

भास्कर न्यूज | कोरबा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 कुसमुंडा में वार्षिक खेल दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और एसईसीएल कुसमुंडा के मुख्य प्रबंधक एसटी पाटिल व विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार एपीएम, एसईसीएल कुसमुंडा, अरविन्द कुमार जीएम ऑपरेशन एसईसीएल कुसमुंडा, रामलाल कुजूर खेल अधिकारी एसईसीएल कुसमुंडा शामिल हुए। कलर पार्टी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर आैर स्वागत गीत से हुआ। इस मौके पर संस्था के छात्रों ने लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत स्पोर्ट्स डांस की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसमें खेल, नृत्य व संतुलन देखने को मिला। वार्षिक खेल दिवस योग व नृत्यकला का मनोहारी संगम था। रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर मुख्य अतिथि ने खेल उत्सव का शुभारंभ किया। चारों सदन शिवाजी, टैगोर, अशोक व रमन सदन के छात्रों के मार्च पास्ट का नेतृत्व स्पोर्ट्स कैप्टन ने किया। खेलकूद की गतिविधियों में विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। विजयी विद्यार्थियों और टीम को मेडल और प्रमाण-पत्र दिए गए। मुख्य अतिथि पाटिल ने विद्यार्थियों को खेल के प्रति लगन, खिलाड़ी भावना, एकजुटता आदि विचारों से प्रोत्साहित किया। अरविन्द कुमार ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने वाला सर्वोत्कृष्ट शिक्षा संस्थान है। प्राचार्य योगेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 70 विद्यार्थियों ने संभागीय स्तर पर सहभागिता दी। कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि, स्टाफ और खिलाड़ी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *