भास्कर न्यूज | कवर्धा प्रदेश के लाखों कर्मचारी एक बार फिर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले संगठित हो रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग केंद्र के समान महंगाई भत्ता और 18 महीने के लंबित एरियर्स के भुगतान की है। संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराएगा। नगरीय निकाय के कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी अलग से ज्ञापन सौंपा जाएगा।यह निर्णय इंद्रावती भवन, नया रायपुर में हुई संयुक्त मोर्चा की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला ने की। जल्द मांगें पूरी नहीं हुई तो हड़ताल की दी गई चेतावनी बैठक में वक्ताओं ने मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भी मिलेगा। यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा। बैठक में मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, संरक्षक तीरथ लाल सेन, प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आलोक मिश्रा, लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के संजय सिंह, कोषालय कर्मचारी संघ के जितेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षक कांग्रेस के सुनील यादव, शासकीय लघुवेतन कर्मचारी संघ के पीआर साहू, पेंशनधारी कल्याण संघ के डॉ. डीपी मनहर सहित कई अन्य कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।