केंद्र में मोबाइल पर प्रतिबंध, आयोग के दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश

भास्कर न्यूज | गढ़वा नगरपालिका चुनाव को लेकर जिले के तीनों नगर निकाय गढ़वा नगर परिषद, नगर पंचायत बंशीधर नगर और नगर पंचायत मझिआंव में 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक किया जाएगा। निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने को लेकर रविवार को कुल 89 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को सामग्री के साथ रवाना किया गया। बाजार समिति, गढ़वा में स्थापित डिस्पैच सेंटर पर मतदान कर्मियों का सुबह से ही डिस्पैच कार्य प्रारंभ हो गया था, जिसकी मॉनिटरिंग जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव कर रहे थे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं निगरानी बनाए हुए थे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार से मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी नियमों, दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पोलिंग दलों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में त्वरित संचार और समाधान संभव हो सके। गढ़वा | नगरपालिका चुनाव में जिले के तीन अध्यक्ष और 50 वार्ड पार्षदों के लिए शहरी क्षेत्र के 76559 मतदाता 89 केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगरपालिका चुनाव नगर परिषद क्षेत्र गढ़वा, नगर पंचायत बंशीधर नगर और नगर पंचायत मझिआंव में होना है। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए कुल 31 और वार्ड पार्षद पद के लिए 224 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इनमें अध्यक्ष पद के लिए महिला प्रत्याशी 15 व पुरुष प्रत्याशी 16 हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 101 व पुरुष प्रत्याशी 123 हैं। गढ़वा में अध्यक्ष पद के लिए 12 प्रत्याशी व वार्ड पार्षद पद के लिए 82 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। जिसमें अध्यक्ष पद पर दो महिला और 10 पुरुष प्रत्याशी हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद पर 39 महिला व 43 पुरुष प्रत्याशी हैं। इसी प्रकार मझिआंव नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर महिला प्रत्याशी तीन व पुरुष प्रत्याशी छह हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद पर 24 महिला पुरुष प्रत्याशी 26 हैं। जबकि बंशीधर नगर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर सभी दस महिलाएं हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 92 प्रत्याशी हैं। इनमें 38 महिला प्रत्याशी व 54 पुरुष प्रत्याशी हैं। गढ़वा में कुल 34347 मतदाता हैं। उपायुक्त ने सभी मतदान कर्मियों से कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराना अब आपकी जिम्मेदारी है। आप सभी पूरी निष्ठा, सजगता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित किया गया, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना नहीं रहे। उपायुक्त ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *