चिरमिरी | सावन माह के अंतिम सोमवार को डोमनहिल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी विद्यालय में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्ञानमाला दुबे के मार्गदर्शन में केजी-1 और केजी-2 के छोटे-छोटे बच्चों ने कांवर यात्रा निकाली। यात्रा विद्यालय से शुरू होकर संकट मोचन हनुमान मंदिर तक पहुंची। बच्चों ने इस यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन करते हुए माता-पिता और शिक्षकों को आकर्षित किया। प्रधानाचार्या ज्ञानमाला दुबे ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वागींण विकास और धार्मिक मूल्यों को समझने महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि विद्यालय न केवल शिक्षा, बल्कि नैतिक और सांस्कृतिक विकास पर भी जोर देता है। यात्रा के दौरान बच्चों ने भगवान के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक वातावरण में सहभागिता की। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की और विद्यालय को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान शिक्षिका इंद्रा व प्रधानाचार्य विनय व अन्य शिक्षक भी बच्चों की देखरेख में शामिल हुए।