कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए केटी कला म्यूजियम में समूह कला प्रदर्शनी का आयोजन किया। शनिवार को एफएमवी कॉलेज, जालंधर के फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों के ने ‘कला संगम’ शीर्षक तले से अपनी कला प्रदर्शनी आयोजित की। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ. कुंवर विजय प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. जेपी शूर (मानद कोषाध्यक्ष, डीएपी सीएमसी, नई दिल्ली) ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना की, जिन्होंने जालंधर की युवा प्रतिभाओं को अमृतसर का मंच प्रदान किया। उन्होंने कलाकारों को निःशुल्क प्रदर्शनी हॉल उपलब्ध करवाने के लिए कौसा ट्रस्ट के सहयोग की भी प्रशंसा की। सचिव राजेश रैना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कला संवर्धन के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर प्राचार्या ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और कलाकृतियां भेंट कर सम्मानित किया। संग्रहालय के निदेशक ब्रजेश जॉली ने बताया कि प्रदर्शनी में धर्म, सामाजिक मुद्दों और प्राकृतिक दृश्यों पर आधारित 80 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जो 3 मार्च 2026 तक दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। प्रदर्शनी में कॉलेज के लगभग 50 विद्यार्थियों ने कैनवास पर एक्रिलिक और मिश्रित माध्यम तकनीकों का प्रदर्शन किया है। इस मौके पर डॉ. नीरू भारती शर्मा, डॉ. शैलेंद्र, नरिंदर सिंह, डॉ. मेहताब कौर, माला चावला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


