केन्द्रीय बजट पर विभिन्न नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने इसे आम आदमी, गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट बताया। वहीं, कांगेस विधायक सीएल प्रेमी ने केन्द्रीय बजट को भ्रामक घोषणाओं से भरा हुआ करार दिया। आर्थिक अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण- माहुर माहुर के अनुसार, यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और आर्थिक अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लगभग 7 प्रतिशत की निरंतर आर्थिक वृद्धि दर वैश्विक परिस्थितियों में भारत की आर्थिक ताकत को दर्शाती है। उन्होंने बजट में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान बनाने, हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल का प्रस्ताव, कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का प्रयोग और गंभीर बीमारियों की दवाओं के दाम कम करने जैसे निर्णयों की सराहना की। माहुर ने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रदेश के विकास की कोई सौगात नहीं – सीएल प्रेमी वहीं, केशोरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी ने केन्द्रीय बजट 2026-2027 को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में राजस्थान को विकास की कोई सौगात नहीं मिली है। प्रेमी ने बताया कि राजस्थान को विशेष राज्य का दर्जा, रिफाइनरी, सड़क परियोजनाएं और नई रेल परियोजनाओं की आवश्यकता थी, लेकिन केंद्र सरकार से राज्य की जनता को निराशा हाथ लगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बजट में बढ़ती महंगाई को रोकने, युवाओं को रोजगार देने और किसानों को राहत प्रदान करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किए गए हैं। विधायक प्रेमी ने इस बजट को दिशाहीन और भ्रामक घोषणाओं से भरा हुआ करार दिया। कैंसर की दवा सस्ती करना ऐतिहासिक: डॉ दुर्गा शंकर सैनी अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने कहा कि केंद्रीय बजट में बायो फार्मा शक्ति योजना में 10 000 करोड़ से आम गंभीर कैंसर मरीज और शुगर की दवाई सस्ती होगी। इससे गंभीर मरीजों को बहुत बड़ा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के हर जिले में बालिका छात्रावास और राजस्थान में 41 बालिका छात्रावास क्रांतिकारी ऐतिहासिक फैसला है। हम स्वागत करते हैं।
बूंदी कोर्ट के सरकारी वकील भूपेंद्र सक्सेना ने कहा कि यह एक बहुत अनुशासित बजट है। यह न केवल देश विकास में तेजी लाएगा, बल्कि 20-25 साल के लिए एक दिशा भी प्रदान करेगा। सरकार ने इस बार बुनियादी ढांचे इंफ्रास्ट्रक्चर, संपत्ति के मुद्रीकरण, रक्षा, युवा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार, उध्योग पर ध्यान केंद्रित कर रफ्तार को तेज किया गया है। यह बजट 2047 के विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए रोडमैप है।


