केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग,VIDEO:दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची, शॉर्ट सर्किट के चलते हुआ हादसा

कोटा के रानपुर इलाके में स्थित हिमालय केमिकल फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। आग धीरे-धीरे फैलते हुए फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल ड्रमों तक पहुंच गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना पर दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। किसी की कोई जनहानि नहीं हुई है। पूरी तरह से आग कंट्रोल होने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा मौके पर फैक्ट्री के मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है। यह हादसा सुबह करीब 6.30 बजे हुआ।
फायर ब्रिगेड के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगे जंबो ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए बाहर की ओर बढ़ गई। फैक्ट्री में केमिकल का कार्य होने के कारण यहां हजारों लीटर केमिकल से भरे ड्रम रखे हुए थे, जिन तक आग पहुंचने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई। आसपास अन्य फैक्ट्रियां भी मौजूद थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए मौके पर 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। समय रहते कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के चारों ओर से फायर फाइटिंग की गई और करीब डेढ़ सौ लीटर से अधिक मैकेनिकल फोम का उपयोग कर आग को फैलने से रोका गया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के लगभग आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत एक के बाद एक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। रानपुर रीको एरिया स्थित शिव एडिबल फैक्ट्री से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगातार रिफिल कर आग बुझाने के कार्य में लगाया गया एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *