भास्कर न्यूज | चाईबासा कोल्हान विश्वविद्यालय में कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल का गठन किया गया है। इस परिषद का उद्देश्य विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा आधारभूत संरचना विकास को सुदृढ़ करना है। जारी अधिसूचना के अनुसार कुलपति कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल की अध्यक्ष होंगी। प्रतिकुलपति, वित्तीय सलाहकार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, प्रॉक्टर, कुलसचिव एवं विकास पदाधिकारी पदेन सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। विज्ञान संकाय से डॉ. नितीश कुमार महतो, डॉ. सोमनाथ कर एवं डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को नामित किया गया है। कला संकाय से डीन डॉ. टीके खानरा तथा डॉ. धर्मेंद्र रजक और वाणिज्य संकाय से डॉ. भवानी मुड़ी को सदस्य बनाया गया है। कुलपति ने घाटशिला कॉलेज, टाटा कॉलेज, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, बहरागोड़ा कॉलेज तथा महिला कॉलेज सरायकेला-खरसावां के प्राचार्यों को परिषद में नामित किया गया है। शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में डॉ. विकास नंदन एवं डॉ. मीनाक्षी मुंडा तथा गैर-शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में अमरदीप एवं प्रत्युष कुमार पाणि को शामिल किया गया है। सिंडिकेट प्रतिनिधि के रूप में बहरागोड़ा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी मलिक को परिषद में स्थान दिया गया है। एकेडमिक काउंसिल प्रतिनिधि के रूप में डॉ. कृष्णा प्यारे, डॉ. सुनीता कुमारी एवं डॉ. रणविजय कुमार को नामित किया गया है। राज्य उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. अजय राज खलखो को परिषद में शामिल किया गया है। जबकि सीसीडीसी कोल्हान विश्वविद्यालय परिषद के सदस्य सचिव होंगे। अधिसूचना के अनुसार, पदेन सदस्यों को छोड़कर अन्य सभी नामित सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। परिषद को तीन अतिरिक्त सदस्यों का सह-चयन करने का अधिकार भी प्राप्त है। यह परिषद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत योजना और विकास कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगी।


