क्राइम रिपोर्टर | दुर्ग दुर्ग के केलाबाड़ी स्थित सरकारी स्कूल में चोरी हो गई। चोर स्कूल की बाउंड्री तोड़कर घुसे और पंखा और लाइट चोरी कर ले गए। चोरों ने स्कूल की कई कक्षाओं के ताले तोड़ दिए। अंदर घुसकर लाइब्रेरी में रखी किताबें, फर्नीचर और स्कूल के कुछ अहम दस्तावेज भी जला दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्कूल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। स्कूल वालों का कहना है कि आए दिन असमाजिक तत्व छुट्टी होने के बाद विद्यालय में घुस जाते हैं। चोरी के करीब 22 दिन पहले भी बदमाशों ने कक्षाओं के द्वार पर तंत्र मंत्र किया था। बाकायदा लाल चुनरी, रंग गुलाल, फुल माला, गोबर, कपड़े की गुड़िया रखकर पूजा-पाठ की थी। इसके पहले बोरसी में भी स्कूल में तंत्र-मंत्र किया गया था। यहीं नहीं कोयल की बली दी गई थी। स्कूल की शिक्षिका शमा बेगम ने 16 फरवरी को चोरी होने की शिकायत की थी।


