भास्कर न्यूज | बालोद कृषि विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों की पांच दिवसीय कामबंद हड़ताल का तृतीय दिन को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। यह हड़ताल कर्मचारियों के पूर्ण वेतन, वैधानिक भत्ते और सेवा-लाभ की मांग को लेकर जारी है। संघ ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शांतिपूर्ण आंदोलन को रोकने के लिए प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर ताला बंद कर दिया, जिससे कर्मचारियों को मुख्य गेट के बाहर ही धरना देने के लिए बाध्य होना पड़ा। संघ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी विश्वविद्यालय की ही होस्ट संस्था के अधीन कार्यरत हैं और उनके वेतन तथा सेवा-संबंधी दायित्व विश्वविद्यालय प्रशासन के जिम्मे हैं। पिछले 18 माह से पूर्ण वेतन और भत्तों के अभाव में कर्मचारी आर्थिक एवं मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। संघ ने दोहराया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण, संवैधानिक और कर्मचारी अधिकारों की रक्षा के लिए है।


