महासमुंद| सामाजिक सरोकारों और मानवीय सेवा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों की सहायता करना था। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 104 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। एकत्रित किए गए रक्त को ब्लड बैंक के माध्यम से उन बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा जिन्हें जीवित रहने के लिए नियमित अंतराल पर रक्त चढ़ाने (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) की आवश्यकता होती है। विशेष बात यह है कि यह रक्त इन बच्चों को पूर्णतः निशुल्क (चैरिटी आधार पर) प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। यह सेवा कार्य 9 एम ग्रुप के प्रबंध निदेशक मनीष अग्रवाल एवं खुशबू अग्रवाल के प्रेरक मार्गदर्शन में हुआ। अभियान को धरातल पर सफल बनाने में प्लांट हेड शाह एवं एचआर हेड जय कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल समन्वय के कारण ही शिविर सुचारू रूप से संचालित हो सका।


