कोटा में पुलिसकर्मी से परेशान होकर एक युवक ने सुसाइड की कोशिश की। युवक ने नींद की 30 टेबलेट खा ली। युवक ने गोलियां खाने से पहले वीडियो बनाए। इनमें से एक वीडियो पुलिसकर्मी को भी भेजा। घटना देर रात की है। फिलहाल युवक का न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। युवक ने 2 मिनट 46 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया है। इसमें युवक कह रहा है- भैया (कॉन्स्टेबल) आपने मुझे ज्यादा परेशान कर दिया। मैं मेरी जिंदगी से बहुत ज्यादा परेशान हो गया। मैं नींद की गोली खाने जा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार आप ही हो, ठीक है भैया। आज आप मेरी बाइक (पल्सर) ले गए। इससे पहले आपने मेरी गाड़ी (कार )का कांच फोड़ दिया। मैं कोई भी गलत काम नहीं कर रहा। आप मुझसे 50 हजार रूपए मांग रहे हो। मैं 50 हजार कहां से दूंगा। मैं मेरे बीवी बच्चो को पालू या क्या करूं। भैया, मैं बहुत ज्यादा परेशान हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार बस आप ही होंगे। नरेंद्र भैया, आपने मुझे जरूरत से ज्यादा ही परेशान कर दिया। कोई गलती हुई हो तो क्षमा कर देना नरेंद्र भैया (कॉन्स्टेबल)। मुझसे एक छोटी सी गलती हो गई थी, आपने मुझे रोका और मैंने गाड़ी नहीं रोकी। इसके अलावा मेरा कोई कसूर नहीं है। और आप मेरे हाथ धोकर पीछे पड़ रहे हो। आप मुझसे 50 हजार मांग रहे हो। मेरी इतनी औकात नहीं है भैया, जो मैं आपको दे सकूं, माफ करना भैया ठीक है मैं जा रहा हूं, नींद की गोलियां खाने। मुझे इतना परेशान कर दिया कि मुझे जीने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा। दूसरा वीडियो 42 सेकंड का है। जिसमें युवक पत्नी का नाम बोलते हुए…….मुझे कुछ हो जाए तो कोर्ट चले जाना, एसपी ऑफिस चले जाना इस आदमी ने मुझे बहुत परेशान कर दिया मुझे कुछ हो जाए तो इस आदमी को छोड़ना मत बस। पत्नी बोली 2 महीने से परेशान कर रखा युवक की पत्नी का कहना है वो डेढ़ साल से आरकेपुरम थाना इलाके में रहते हैं। पिछले दो महीने से जवाहर नगर थाने का कॉन्स्टेबल पति से 50 हजार की डिमांड कर रहा है। पैसा नहीं देने पर टांगे तोड़ने व केस में फसाने की धमकी दे रहा है। इस कारण पति काफी तनाव में है। घर पर ठीक से बात भी नहीं करते, गुमसुम रहने लग गए। 10-15 दिन पहले पति अपनी कार से महावीर नगर प्रथम इलाके में गए थे। वहां बाइक पर दो पुलिसकर्मी (नरेंद्र व अन्य ) आए। उन्होंने कार का शीशा तोड़ दिया। डर के मारे पति वहां से भागकर आ गए। कॉन्स्टेबल बार बार फोन करके पति को थाने आने की कह रहा था। सोमवार को पति अपनी बाइक से किसी काम से अनंतपुरा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर गए थे। वहां कॉन्स्टेबल नरेंद्र आया और बाइक उठाकर ले गया। परेशान होकर रात सात बजे पति ने नींद की 30 गोलियां खाली। रात 10 बजे घर आकर चुपचाप सो गए। मंगलवार सुबह 5 बजे वो लड़खड़ा रहे थे। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंची। पूछने पर उन्होंने सारी बात बता दी। पति ने वीडियो बनाकर कॉन्स्टेबल के भी सेंड किया था। पत्नी ने बताया- पति पर पुराने केस चल रहे हैं। उनमें से कुछ में बरी हो गए थे। कुछ केस में कोर्ट में तारीख चल रही है। पति कोर्ट में तारीख पेशी पर जाते हैं। पिछले 5 साल से पति अपने काम में व्यस्त रहते है। अभी मॉल में जॉब कर रहे थे। लेकिन तनाव के चलते कुछ दिन पहले वो जॉब भी छोड़ दी। कांस्टेबल द्वारा पैसे मागने की शिकायत डर के कारण ना तो एसपी ऑफिस में दी, न ही थाने में दी। कॉन्स्टेबल ने कहा- स्मैक बेचता है युवक कॉन्स्टेबल नरेंद्र का कहना है मनोज (गोलू) हमारे थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसकी 2 साल से एचएस खुली हुई है। वो थाने पर नहीं आ रहा। कई बार घर पर गए। लेकिन वो थाने पर नहीं आ रहा। सोमवार को गोलू बाइक छोड़कर फरार हो गया। गोलू बदमाश है, स्मैक बेचता और पीता है। वो तो कुछ भी कह सकता है। वो एमडी गांजा बेच रहा है। हाल ही 5-6 महीने पहले विज्ञान नगर थाने में गांजे के केस में फरार चल रहा है। ——- ये खबर भी पढ़े घूसखोर हेड कॉन्स्टेबल पर साढ़े 8 लाख वसूलने के आरोप:साथी से मिलकर एनडीपीएस केस में फंसाने धमकी दी थी, डीएसपी की जांच में मुख्यालय ने मानी कमियां खबर पढ़े कॉन्स्टेबल ने बदमाशों के साथ मिलकर की लूट:कोटा में नशे की खेप लूटी थी, मामला दर्ज, दो को किया डिटेन खबर पढ़े


