कोंडागांव पुलिस ने जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल का भंडारण और बिक्री करने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 4,45,228 रुपये मूल्य का डीजल, पेट्रोल और एक टाटा ऐस वाहन जब्त किया गया है। पुलिस को 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़े उसरी स्थित सेठिया ढाबा में चोरी का डीजल-पेट्रोल जरकीनों में भरकर रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही कोंडागांव थाना टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा। सदिंग्ध से पूछताछ में हुआ खुलासा छापे के दौरान, पुलिस को वाहन क्रमांक CG27L9238 (छोटा हाथी) के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सांतुराम कश्यप (40 वर्ष), निवासी नयापारा मर्दापाल, जिला कोंडागांव (वाहन चालक) और उमेश सेठिया (50 वर्ष), निवासी बड़े उसरी, थाना कोंडागांव (ढाबा संचालक) के रूप में बताई। 100 लीटर डीजल बरामद वाहन की तलाशी लेने पर उसके पीछे रखे 8 जरकीनों में डीजल और पेट्रोल भरा हुआ मिला। इनमें 5 जरकीनों में 240 लीटर डीजल और 3 जरकीनों में 128 लीटर पेट्रोल था। इसके अतिरिक्त, ढाबा परिसर से भी 2 जरकीनों में 100 लीटर डीजल बरामद किया गया। कुल मिलाकर, 10 जरकीनों से 468 लीटर डीजल-पेट्रोल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 45,228 रुपये है। अवैध ईंधन के परिवहन में इस्तेमाल किए गए छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG27L9238) को भी जब्त कर लिया गया। इस वाहन की अनुमानित कीमत 4,00,000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार, पुलिस ने कुल 4,45,228 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 35(1+5) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास और सौरभ उपाध्याय, तथा उप निरीक्षक संजय भट्टी का विशेष योगदान रहा। कोंडागांव पुलिस ने दोहराया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


