छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला मुख्यालय में बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था ने भारतीय संविधान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अनूठी पहल की है। संस्था ने एक वैवाहिक आशीर्वाद समारोह में दंपती को भारतीय संविधान की प्रति भेंट की। यह पहल संविधान को सामाजिक जीवन से जोड़ने और उसके प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से की गई है। यह आयोजन ग्राम पंचायत खुटपारा, सोनाबाल (तहसील मर्दापाल, विकासखंड/जिला कोंडागांव) में हुआ। यहां निवासी जगत नेताम के बेटे और बहू को उनके विवाह समारोह के अवसर पर मंच से भारतीय संविधान की प्रति प्रदान की गई। संस्था ने दंपती के सुखमय, समरस और न्यायपूर्ण वैवाहिक जीवन की कामना की। संस्था का मानना है कि विवाह जैसे अवसर पर संविधान भेंट करना समानता, अधिकार और कर्तव्य आधारित जीवन की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने संविधान की भावना को जीवन में उतारने पर जोर इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सुधराम मरकाम, पूर्व अध्यक्ष मुकेश मार्कंडे, हितेंद्र कुमार श्रीवास और संदीप कोर्राम उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के मूल मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। संस्था वर्षों से विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में भारतीय संविधान की प्रतियां सुलभ कराकर जागरूकता फैला रही है। इसके अतिरिक्त, संस्था दबे-कुचले समाज के महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि पर विशेष आयोजन कर उनके राष्ट्रहित एवं समाजहितकारी कार्यों को जनमानस तक पहुंचाती है। जमीनी स्तर पर की जा रही यह पहल अब जनजागरण का रूप ले रही है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में यह अभिनव प्रयास सराहनीय है। यह आने वाली पीढ़ियों को संविधान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।


