कोंडागांव नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से हर रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। रविवार यानी आज मुक्तिधाम और जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें पूर्व सैनिकों के साथ-साथ निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। मुक्तिधाम में बड़ी-बड़ी जंगली घास काटकर और झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की गई। जवाहर नवोदय विद्यालय के अंदर और बाहर भी झाड़ू लगाई गई। इसके अलावा स्कूल परिसर में बनी नालियों से कचरा निकालकर उसे स्वच्छ किया गया। स्वच्छता का महत्व समझाया गया बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने इस अवसर पर युवाओं को स्वच्छता का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू और प्राथमिकता है, जिससे हम कई परेशानियों से बच सकते हैं। स्वच्छता तन और मन दोनों की खुशी के लिए आवश्यक है। अभियान के लास्ट में सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ कोंडागांव- सुंदर कोंडागांव’, ‘स्वच्छ भारत – सुंदर भारत’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगाए। मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे ने स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए पूर्व सैनिकों और प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया।


