कोंडागांव में सचिवों का अनूठा विरोध प्रदर्शन:धरना स्थल पर दुर्गा अष्टमी पर किया हवन, प्रदेश की भलाई के लिए मांगा आशीर्वाद

कोंडागांव में सचिव संघ के हड़ताल आंदोलन ने एक अलग रूप धारण किया है। माकड़ी ब्लॉक में दुर्गा अष्टमी के अवसर पर आंदोलनरत सचिवों ने धरना स्थल को यज्ञ स्थल में बदल दिया। सचिवों ने एकजुट होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया। सचिवों ने प्रदेश में चल रहे प्रशासनिक गतिरोध का समाधान मांगा। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और आमजन के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की। आयोजन के पीछे का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था नहीं था। सचिवों का कहना था कि संघर्ष को शालीनता, संयम और संस्कृति के साथ भी लड़ा जा सकता है। हवन के दौरान सचिवों ने सरकार से समस्या का जल्द समाधान मांगा। उनका कहना था कि इससे आम जनता की परेशानियां खत्म होंगी। साथ ही वे भी अपने कार्यस्थल पर लौट सकेंगे। पूजा के बाद सभी ने एक स्वर में कहा कि आंदोलन के बावजूद उनकी आत्मा सेवा में लगी हुई है। यह आयोजन एक सकारात्मक संदेश देता है। यह दर्शाता है कि संस्कारों के साथ किया गया आंदोलन नकारात्मकता की बजाय सकारात्मक बदलाव की ओर ले जाता है। सचिवों ने धरना स्थल को तपोभूमि में बदलकर मां दुर्गा से शक्ति, समाधान और शांति की प्रार्थना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *