कोंडागांव में सांभर मांस जब्त, दो महिलाएं गिरफ्तार:धमतरी से लाए गए 3 किलो मांस को 8 पैकेट में रखा था; बेचने की बात स्वीकारी

कोंडागांव नगर के भट्टीपारा में वन्यजीव सांभर के मांस की सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। शनिवार दोपहर 12:30 बजे एक महिला के घर पर दबिश दी गई, जहां से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद हुआ। यह संयुक्त कार्रवाई वन मंडल कोंडागांव और वन उड़नदस्ता की टीम द्वारा की गई। टीम ने उषा बाई रजक और संगीता निर्मलकर नामक दो महिलाओं को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। जब्त किए गए मांस का वजन लगभग 3 किलो है, जिसे 8 अलग-अलग पैकेट में रखा गया था। महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह मांस खाने के उद्देश्य से धमतरी से खरीदा था, हालांकि उन्होंने कुछ मांस बेचने की बात भी स्वीकार की है। कोंडागांव रेंजर प्रतिक वर्मा ने बताया कि दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है और 3 किलो मांस जब्त किया गया है। उनकी टीम धमतरी भी गई है, जहां से पांच अन्य लोगों को पूछताछ के लिए लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद ही यह पता चलेगा कि सांभर को कहां मारा गया था। रेंजर वर्मा ने आगे बताया कि यह एक गंभीर अपराध है और विभाग आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाल रहा है। मांस की अत्यधिक मात्रा को देखते हुए विभाग व्यापारिक उद्देश्य से खरीद-फरोख्त की भी जांच कर रहा है। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत साक्ष्य संकलन जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *