भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडे में बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार के साथ ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। प्राचार्य बाबूलाल कोमरे ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहकर मेहनत करें तथा जीवन में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। समारोह का संचालन ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने किया। इस अवसर पर शिक्षक लेखराम टांडिया द्वारा वंदन गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बारहवीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षक महेश्वर सिन्हा ने विद्यार्थियों के लिए स्वयं रचित विदाई गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। शिक्षक राधेलाल समरथ ने विद्यार्थियों से कहा ईमानदारी और कड़ी मेहनत ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक लेखराम टांडिया ने विद्यार्थियों को माता-पिता एवं शिक्षकों की सीख को आत्मसात कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्राथमिक शाला के प्रधानाध्यापक युवराज कुमार उइके ने जीवन में नियमों का पालन करते हुए अनुशासित मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। संतुराम उइके ने निरंतर अभ्यास एवं परिश्रम से लक्ष्य प्राप्ति पर विशेष जोर दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को “बेस्ट ऑफ लक” कहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय को गुलदस्ता एवं शांति के प्रतीक भगवान बुद्ध की तस्वीर भेंट की। इसके साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी सामग्री भी प्रदान की गई।


