जयपुर की उत्कर्ष कोचिंग में गैस रिसाव के चलते बेहोश हुए स्टूडेंट की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने भरतपुर कलेक्टर अमित यादव को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई कि राजस्थान के सभी शिक्षण संस्थानों की मानकों के अनुसार जांच की जाए। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच की जाए। दोषी शिक्षण संस्थान पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार और प्रशासन ऐसा नहीं करता तो NSUI संगठन छात्रों के हितों में आंदोलन करेगा। MSJ कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष कौशल फौजदार ने ज्ञापन देते हुए बताया कि जयपुर के उत्कर्ष कोचिंग संस्थान से छात्रों के बेहोश होने के मामले में NSUI संगठन ने आवाज उठाई। यह घटना छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। कोचिंग संस्थान और प्रशासन की लापरवाही ने इस मामले को और भी ज्यादा गंभीर बना दिया है। राजस्थान की बीजेपी सरकार का कोई भी प्रतिनिधि घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। जिससे साफ है कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। कौशल फौजदार ने बताया कि बीजेपी सरकार शिक्षा को व्यापार में बदल रही है। बीजेपी सरकार छात्रों के भविष्य की चिंता नहीं कर रही। राजस्थान के सभी शिक्षण संस्थानों की मानकों के अनुसार जांच की जाए। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच की जाए। दोषी शिक्षण संस्थान पर सख्त कार्रवाई की जाए। अगर सरकार और प्रशासन ऐसा नहीं करता तो NSUI संगठन छात्रों के हितों में आंदोलन करेगा।


