कोटपूतली में गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों पर बैठक:24 जनवरी को होगी प्रतियोगिताएं, 25 को वंदे मातरम् थीम पर होगी सांस्कृतिक संध्या

कोटपूतली में गणतंत्र दिवस से पहले कई कार्यक्रम होंगे। 24 जनवरी को सभी स्कूलों और कॉलेजों में वाद-विवाद, निबंध समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी। 25 जनवरी को वंदे मातरम् थीम पर सांस्कृति संध्या का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) ओमप्रकाश सहारण की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ये कार्यक्रम 26 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे। एडीएम सहारण ने निर्देश दिए कि जिले भर में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का ध्येय वाक्य “स्वतंत्रता का मंत्र-वंदे मातरम्” और “समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत” पर केंद्रित होना चाहिए। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना है। उन्होंने अधिकारियों को भारत सरकार द्वारा जारी एसओपी के आधार पर द्वितीय चरण के आयोजनों को सफलतापूर्वक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके तहत, 26 जनवरी से पहले सभी राजकीय कार्यालयों में बड़े पैमाने पर वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा। 24 जनवरी को सभी स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, रंगोली और पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 25 जनवरी को प्रत्येक जिले में वंदे मातरम् की थीम पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें वंदे मातरम् का गायन प्रमुख रहेगा। इस दौरान वंदे मातरम् थीम आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। एडीएम ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों और स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सामूहिक वंदे मातरम् गायन बड़े पैमाने पर किया जाएगा। द्वितीय चरण में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड की सहभागिता से वंदे मातरम् से संबंधित संगीतमय प्रस्तुतियां, विशेष सभाएं, निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, रंगोली, चित्रकला और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने ये भी निर्देशित किया कि इन गतिविधियों को केंद्र सरकार के www.vandemataram150.in और राजस्थान के Vande Mataram@150 SSO पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही, आमजन से भी अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता दिखाते हुए सेल्फी लेकर पोर्टल और सोशल मीडिया पर #VandeMataram@150 के साथ अपलोड करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *