कोटा ग्रामीण पुलिस ने 123 अपराधियों को किया गिरफ्तार:67 टीमों ने 425 स्थानों पर दबिश दी,3 पिस्टल और 2 धारदार हथियार पुलिस ने जप्त किए

कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर रोकथाम और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से बड़ा एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। कोटा रेंज आईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल के निर्देशन में 22 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्र में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों पर गठित 67 टीमों ने अल-सुबह कार्रवाई शुरू की। कुल 248 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की टीमों ने 425 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, वारंट और निरोधात्मक कार्यवाहियों में कुल 123 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। सुजीत शंकर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ कालिया निवासी इस्लामनगर थाना देवली मांझी, हिस्ट्रीशीटर काजू उर्फ अजाउदीन उर्फ इरफान निवासी इस्लाम नगर तथा कोहीनूर 007 ग्रुप के अमन मीणा निवासी गुमानपुरा थाना सीमलिया को गिरफ्तार किया गया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल बरामद कीं। इस संबंध में थाना बपावर कलां, देवली मांझी और कैथून में प्रकरण दर्ज किए गए। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इमरान उर्फ कालिया के खिलाफ विभिन्न थानों में 19 प्रकरण, काजू उर्फ अजाउदीन के विरुद्ध 14 प्रकरण और अमन मीणा के खिलाफ 2 प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत 2 चाकू-छुर्रे जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 165 पव्वे देशी शराब जब्त कर 2 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं प्रकरणों में वांछित 14 अपराधी, 63 वारंटी, धारा 170 बीएनएस के 24 आरोपी, 1 ईनामी अपराधी और 14 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में पुलिस अधिकारी मदन ढाका, मनोज सिकरवार, सुनिल सिंह, डीएसटी प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद और साइबर सेल प्रभारी भूपेन्द्र हाडा सहित पुलिस टीमों का अहम योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *