कोटा ग्रामीण पुलिस ने 22-लाख का 142-किलो डोडा चूरा पकड़ा:तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार,वर्ना कार जब्त

कोटा ग्रामीण में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। कोटा ग्रामीण पुलिस के तहत पुलिस थाना मोडक ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 142 किलो 220 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडा चुरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त एक वर्ना कार को भी कब्जे में लिया गया है। ग्रामीण पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि विशेष अभियान के तहत मोडक थाना पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। अभियान के दौरान भटवाड़ा मोड़, कोटा–झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टीम मुस्तैद थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुंडल स्थित हनुमान मंदिर के पास एक संदिग्ध कार खड़ी है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार में रखे सात प्लास्टिक कट्टों से 142 किलो 220 ग्राम अफीम डोडा चुरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर कार चालक की तलाश की, लेकिन वह फरार हो चुका था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को मोडक थाना पुलिस की विशेष टीम ने अंजाम दिया, जिसमें पुलिस अधिकारियों व जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *