कोटा प्रीमियर लीग में एक्टर शिल्पा शेट्टी के दौरान हंगामा:भाजपा नेता सत्तू बालिता पर पुलिस से मारपीट और अभद्रता का केस दर्ज

राजस्थान के कोटा में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। जेके पवेलियन स्टेडियम में कार्यक्रम के बीच भाजपा नेता और कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा उर्फ ‘सत्तू बालिता’ पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, जेके पवेलियन स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची थीं। उनके मंच पर पहुंचते ही भीड़ उन्हें नजदीक से देखने के लिए आगे बढ़ने लगी। मौके पर करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे, जो लोगों को पीछे हटाने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सत्तू बालिता अपने दो-तीन साथियों के साथ पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और विरोध जताने लगे। पुलिस की शिकायत के मुताबिक, उन्होंने महिला हेड कॉन्स्टेबल से अभद्र भाषा में बात की और गाली-गलौज की। मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने और अन्य जवानों की वर्दी पकड़कर धक्का देने का भी आरोप है। कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस लाइन से गई टीम की शिकायत पर नयापुरा थाने में राजकाज में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं सत्तू बालिता ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा है कि भीड़भाड़ के दौरान धक्का-मुक्की हुई, लेकिन उन्होंने किसी के साथ मारपीट या गाली-गलौज नहीं की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *