कोटा में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर होगा। कोटा प्रीमियर लीग-2026 का आगाज 22 फरवरी से होने जा रहा है, जिसमें देशभर से 8 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। विजेता टीम को 11 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कोटा जिला क्रिकेट संघ की तरफ से कोटा प्रीमियर लीग (KPL-2026) का आयोजन किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर होंगे टूर्नामेंट में शामिल कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि कोटा प्रीमियर लीग का शुभारंभ कल यानी 22 फरवरी से जे.के.पेवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। टूर्नामेंट में दिल्ली, नोएडा, नागपुर, जयपुर, अजमेर, जबलपुर, कोटा और राजस्थान यूनाइटेड की टीमें शामिल होंगी। उद्घाटन समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता शामिल होंगे। टूर्नामेंट में कुल 15 मैच खेले जाएंगे,1 मार्च को फाइनल मुकाबला टूर्नामेंट में कुल 15 मैच खेले जाएंगे। 1 मार्च को फाइनल मुकाबला होगा। विजेता टीम को 11 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। मेन ऑफ़ द सीरीज के रूप में एक 51 हजार और हर मैच में मेन ऑफ द मैच के रूप में 5 हजार, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज,गेंदबाज, फील्डर,विकेटकीपर और टूर्नामेंट में उभरते हुए खिलाड़ी को 11 हजार रुपए सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। कोटा की टीम में रणजी और आईपीएल खेल चुके खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। क्रिकेट प्रेमियों की निशुल्क होगी एंट्री सचिव सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि मैदान पर आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे। साथ ही, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह महेंद्र सिंह धोनी और कई सेलिब्रिटी इन्फ्लुएंसर्स दर्शकों का उत्साह बढ़ाने कोटा पहुंचेंगे। उनसे बात चल रही है, अभी सहमति नहीं मिली। स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों की एंट्री पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। मैच का लुत्फ उठाने के लिए मैदान में दो बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। टूर्नामेंट के सभी 15 मैचों का सीधा प्रसारण (Live Streaming) और लाइव स्कोरिंग की व्यवस्था की गई है।


