हाड़ौती संभाग के साथ बूंदी जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास 7 मार्च को शंभूपुरा स्थित प्रस्तावित स्थल पर होगा। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इस दौरान नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना का भी भूमि पूजन किया जाएगा। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर 1507 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतमकुमार दक, ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर मौजूद रहेंगे। मंत्री हीरालाल नागर ने बूंदी-कोटा जिला कलेक्टर्स व अधिकारियों के साथ मौके पर तैयारियों का जायजा लिया। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण करीब 1507 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। एयरपोर्ट पर 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल का टर्मिनल बनाया जाएगा, जिसकी यात्री क्षमता करीब 1000 होगी। इसके साथ 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। ए-321 श्रेणी के विमानों के लिए 7 एप्रन बे भी विकसित किए जाएंगे।


