कोटा महोत्सव का जश्न, शहर में उत्सव का माहौल:किशोर सागर पर सजा फ्लावर शो,रिवर फ्रंट पर रौनक, महिलाओं के लिए फ्री एंट्री

कोटा में आज सांस्कृतिक उल्लास और भक्ति भाव के बीच कोटा महोत्सव 2026 की भव्य शुरुआत हुई। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल गोदावरी धाम पर श्री गणेश महाश्रृंगार एवं वंदना के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। गणपति वंदना और कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह को आकर्षक बना दिया। बाल नृत्यांगनाओं द्वारा प्रस्तुत गणपति स्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कोटा महोत्सव के तहत शहर में अलग-अलग स्थलों पर विविध आयोजन किए जा रहे हैं। किशोर सागर तालाब की पाल पर आयोजित पुष्प प्रदर्शनी फ्लावर शो का भी शुभारंभ किया गया। यहां विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे पुष्पों की आकर्षक सजावट लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। प्रदर्शनी में निजी नर्सरी, औद्योगिक संस्थान, शिक्षण संस्थान और पुष्प प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। वहीं, कोटा रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर महिलाओं के लिए फ्री एंट्री की व्यवस्था की गई है। महिलाओं को प्रवेश के लिए क्यूआर कोड स्कैन या रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। दो दिवसीय कोटा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। शहर में महोत्सव को लेकर उत्साह और रौनक का माहौल बना हुआ हैं। 22 को निकलेगी हेरिटेज वॉक,साफा पहनकर शामिल होंगे कोटावासी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में रविवार, 22 फरवरी को प्रातः 7 बजे हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा, जो मथुराधीश मंदिर से प्रारंभ होकर गढ़ पैलेस, कैथूनीपोल थाने से होते हुए सुभाष चौक, रामपुरा कोतवाली जाकर पूरी होगी। इसमें कोटावासी साफा पहनकर शामिल होंगे। रविवार को ही शाम 5.30 बजे से पश्चिमी घाट पर चंबल महाआरती होगी, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल होंगे। इससे पहले रविवार को शौर्य घाट पर प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक कोटा ऑन स्क्रीन्स फिल्म फेस्टीवल में चुनिंदा फिल्में दिखाई जाएंगी। दोपहर 1 से सायं 4 बजे तक इन्टरनेशनल वास्तु ऐकेडमी के अध्यक्ष पंडित सतीश शर्मा द्वारा वास्तु वाणी कार्यक्रम के तहत वास्तुशास्त्र पर व्याख्यान दिया जाएगा। वे कोटा शहर की टाउन प्लानिंग को लेकर अपना विशेषज्ञ मत रखेंगे तथा शहर के विकास के लिए वास्तु की जरूरतों को बताएंगे। रविवार सायं 4 से 5ः30 बजे तक मशहूर बॉलीवुड गायक कोटा निवासी क्षितिज तारे का कार्यक्रम अनप्लग्ड आयोजित होगा। कोटा महोत्सव के तहत रविवार को सायं 7 बजे से शौर्य घाट, चम्बल रिवर फ्रंट पर डोरिया फैशन शो का आयोजन किया जाएगा जिसमें मॉडल्स द्वारा कोटा डोरिया से निर्मित पारंपरिक एवं आधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, कोटा डोरिया पर निर्मित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा। सेवन वंडर्स पर होगा पेट शो रविवार, 22 फरवरी को प्रातः 11 से सायं 5 बजे तक सेवन वंडर्स पर पेट शो आयोजित होगा। इसमें श्वान फैशन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होगी। साथ ही, प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी होगा। दशहरा मैदान स्थित विजय श्री रंगमंच पर शनिवार रात 8 बजे आयोजित होने वाले मेगा सेलिब्रिटी नाईट कार्यक्रम में गायक अर्जुन कानूनगो की प्रस्तुतियां होंगी। रविवार को रात 8ः30 बजे मेगा सेलिब्रिटी नाइट में विजय श्री रंगमंच पर मरू कोकिला सीमा मिश्रा के गीतों की प्रस्तुति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *