कोटा शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। कोटा पुलिस के विशेष अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध देशी कट्टे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस एसपी तेजस्वीनी गौतम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रूटीन चेकिंग नाकाबंदी के दौरान अलग-अलग इलाकों से यह कार्रवाई की गई। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने पहली कार्रवाई में पुलिस ने लॉको कॉलोनी क्षेत्र से अली हुसैन उर्फ बब्बू को एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई में माल गोदाम गेट नंबर 2 के पास से फैजल उर्फ सैजल को अवैध कट्टे के साथ पकड़ा गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में सक्षम केंद्र के पास से अब्दुल करीम उर्फ हकला को कट्टा और कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ जारी है। अली हुसैन उर्फ बब्बू पर पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कोटा पुलिस एसपी ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा के लिए अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


