कोटा के लाडपुरा क्षेत्र बनियानी गांव में करंट लगने से युवक के दोनों हाथ झूलस गए। पता लगने पर उसे इलाज के लिए कोटा निजी हॉस्पिटल लाया गया। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग ने 11 केवी के टूटे तारों को नहीं हटाया। इस कारण ये हादसा हुआ। जबकि बिजली विभाग का कहना है कि टूटे तार की जानकारी खेत मालिक ने नहीं दी। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। बनियानी निवासी महेंद्र सुमन ने बताया की उसका भाई मनोज (35) छुट्टी पर गांव आया था। मंगलवार सुबह वह अपने 7 साल के बेटे के साथ खेत में गेहूं की फसल देखने गया था। खेत में 7-8 दिन से 11 केवी का तार टुटा पड़ा था। उसमें करंट नहीं था। मनोज खेत में टहल रहा था। अचानक से उसका पैर फिसल गया और उसका हाथ तार के टच हो गया। करंट लगते ही वो बेहोश हो गया। 7 साल के बेटे ने फोन कर बताया। जिसके बाद हम सभी खेत पहुंचे। और इलाज के लिए कोटा निजी हॉस्पिटल लाए। मनोज के दोनों हाथ जल गए। मनोज कोटा में कुरियर डिलीवरी का काम करता है। उसके दो बच्चे हैं। डेढ़ महीने बाद घर में शादी है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी।
अरण्डखेड़ा जीएसएस JEN अजय सिंह ने बताया की 11केवी का तार टूटने की सूचना बिजली विभाग को नहीं दी गई। 7-8 दिन पहले टूटे तार में करंट नहीं था। उन्हें एक साइड किया हुआ था।


