कोटा में कार पलटी, दो दोस्तों की मौत:एक तीन महीने पहले ही कनाडा से आया था, परिवार के इकलौते बेटे थे दोनों

पेड़ से टकराकर कार खेत में पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों रिसॉर्ट में खाना खाकर लौट रहे थे। हादसा बुधवार देर रात 11 बजे कोटा के बोरखेड़ा इलाके में हुआ। दोनों परिवार के इकलौते बेटे थे। बोरखेड़ा थाना सीआई देवेश भारद्वाज ने बताया- चंद्रेसल और मानपुर के बीच में हादसा हुआ है। इसमें गौरव खींची (25) और राहुल मीणा (25) की मौत हो गई। दोनों कोटा के दुर्गा नगर, पूनम कॉलोनी के रहने वाले थे। तीन महीने पहले ही गौरव कनाडा से एग्रीकल्चर की पढ़ाई करके लौटा था। उसका दोस्त राहुल मीणा दुर्गा नगर (कोटा) में लाइब्रेरी चलाता था। राहुल मूल रूप से बूंदी जिले के हिंडोली तहसील के पेच की बावड़ी का रहने वाला था। गाड़ी में बुरी तरह फंस गए थे दोनों
बुधवार की रात गौरव और राहुल तुलसी रिसॉर्ट में खाना खाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान 120 फीट रोड पर उनकी कार का बैलेंस बिगड़ गया। कार पेड़ से टकराकर खेत में पलट गई। दोनों गाड़ी में फंस गए थे। हादसा रिसॉर्ट से करीब 500 आगे चलकर हुआ। उस इलाके से कुछ महिलाएं निकल रही थीं। उन्होंने कुछ राहगीरों को रुकवाया और दुर्घटना की जानकारी दी। उनमें गौरव का एक रिश्तेदार भी था। भीड़ देखकर वह रुक गया। उसने गौरव की पहचान की और उसके परिवार वालों को सूचना दी। दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला गया और हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों को अंदरूनी चोटें आई थीं। परिवार के इकलौते बेटे थे दोनों
राहुल के ताऊ धनराज मीणा ने बताया- गौरव तीन महीने पहले ही कनाडा से एग्रीकल्चर की पढ़ाई करके लौटा था। उनके पिता रेलवे में नौकरी करते हैं। राहुल मीणा के पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं। 2 महीने पहले ही उसने लाइब्रेरी शुरू की थी। दोपहर 12 बजे पुलिस ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही शवों को परिवार वालों को सौंप दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *