शहर के पुराने कोटा के सब्जी मंडी में मौजूद सबसे पुराने सीएनआई चर्च में क्रिसमस की धूम रही। चर्च के फादर ने मुख्य प्रार्थना करवाई। साथ ही कैरोल सिंगिंग और बाद में बाइबिल का पाठ भी हुआ। प्रभु यीशु का केक काटकर क्रिसमस डे मनाया गया। चर्च में आए हुए बच्चे, महिलाएं, पुरुषों ने एक दूसरे को क्रिसमस की गले मिल कर बधाई दी। इस मौके पर खास तौर पर सजावट की गई। चर्च में प्रार्थना के बाद प्रभु ईशा मसीह के गीत गाए गए उनके सन्देश को सुनाया गया अमन चैन के लिए देश की उन्नति के लिए सबके विकास के लिए प्रार्थना की।
क्रिसमस के मौके पर लोगों ने भी खासी तैयारियां की हैं, घरों पर खास केक तैयार किया गया। देर रात भी प्रार्थना हुई यीशु के जन्मदिन पर कैरोल सिंगिंग हुआ। शहर के विज्ञान नगर, रायपुरा, सब्जी मंडी, इमानुएल चर्च में भी रात में फादर ने प्रार्थना करवाई। सीएनआई चर्च की स्थापना 1893-1894 में फादर बोनर ने करवाई थी। फादर बोनर ने चर्च के लिए पत्र लिखा था। इस पर महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय ने चर्च के लिए जमीन दी। चर्च के लिए नयापुरा स्थित सराय को चुना गया था, लेकिन बाद में बोनर ने विचार किया कि चर्च शहर के बीचों बीच होना चाहिए। इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने सब्जीमंडी इलाके में जगह का चयन किया। यहां पहले तालाब था, इसके पास बड़ी मात्रा में गंदगी जमा थी। बोनर ने इस गंदगी को साफ करवाया। महाराव उम्मेद सिंह ने बोनर के प्रार्थना पत्र पर नयापुरा के स्थान पर इस जगह को चर्च के लिए दे दिया। इसके बाद इस जगह पर चर्च का निर्माण करवाया गया। अब यह चर्च ईसाई समुदाय के लिए आस्था का प्रमुख केन्द्र है। इस सुन्दर व भव्य चर्च में अन्य जगहों से भी लोग आते हैं।


