कोटा में फसल लेकर आए एक किसान के ट्रैक्टर के बोनट में साढ़े पांस फीट लंबा ब्लैक कोबरा सांप देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर किसान ने ट्रैक्टर का बोनट खोलकर रख दिया, लेकिन काफी देर तक सांप बाहर नहीं निकला। स्थिति को देखते हुए स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सूचना दी गई। घटना भामाशाह अनाज मंडी की है। जहां किसान कैथून के गांव जाखोड़ा से फसल लेकर आया था। सूचना मिलते ही गोविंद शर्मा भामाशाह अनाज मंडी पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ट्रैक्टर के बोनट में छिपे ब्लैक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान लोगों की भीड़ को दूर रखा गया, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे। जंगल में छोड़ा गया स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि मंडी से सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर के बोनट में ब्लैक कोबरा मौजूद है। वहां काफी भीड़ होने के कारण सांप बाहर नहीं आ रहा था। मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया और सांप को लाडपुरा क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई। किसान ने बताया कि वह सुबह अपने गांव जाखोड़ा से धान की फसल बेचने कोटा आया था। दोपहर बाद किसी व्यक्ति ने ट्रैक्टर में सांप देखे जाने की सूचना दी। अनुमान है कि सांप मंडी परिसर से ही ट्रैक्टर में चढ़ गया होगा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।


