कोटा में बनेगा नया लिंक रोड:परकोटे से बाहर आने के लिए मिलेगा वैकल्पिक रास्ता, सेंट पॉल स्कूल से कैथूनीपोल चौराहे तक बनेगा

कोटा में परकोटे के अंदर की तीन लाख से अधिक की आबादी को सेंटपॉल स्कूल से कैथूनीपोल चौराहे तक की लिंक रोड मिलेगा। करीब 9..80 करोड़ की लागत से लिंक रोड का निर्माण काम इस साल दिसम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परकोटे से शहर की ओर जाने के लिए वाहनों के लिए वर्तमान में गढ़ पैलेस रोड तथा सूरजपोल दरवाजा ही विकल्प हैं। गढ पैलेस के पास मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर जाम लगा रहता है, वहीं सूरजपोल दरवाजे पर भी दिन भर ट्रेफिक का दबाव रहता है। अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा, श्री राम बारात तथा अन्य अवसरों पर सूरजपोल दरवाजा क्षेत्र में यातायात बंद किए जाने पर परकोटे के अंदर के नागरिकों के लिए आवागमन की परेशानी और बढ़ जाती है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में फायर ब्रिग्रेड और एम्बुलेंस के भीतरी क्षेत्रों में पहुंचना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। इसको देखते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नगर निगम को वैकल्पिक मार्ग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए थे। इस पर निगम ने सर्वे करते हुए सेंट पॉल स्कूल से शुरू होकर बंजारा कॉलोनी, आरपीएस कॉलोनी, साबरमती कॉलोनी, मोखापाडा होते हुए कैथूनीपोल चौराहे तक बन करीब 1.4 किमी लम्बी लिंक रोड के निर्माण कर कार्ययोजना तैयार की है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह लिंक रोड यातायात का सरल और सुगम विकल्प बनेगी। कनेक्टिविटी में सुधार करते हुए यह सड़क महज 2 से 3 मिनट में परकोटे के अंदर से सेंट पॉल स्कूल तक पहुंच सुलभ करेगी। इस मार्ग का दादाबाड़ी लिंक रोड से सीधा जुडाव भी रखा गया है यानि कैथूनीपोल चौराहे से लिंक रोड के जरिए सेंट पॉल स्कूल ही नहीं दादाबाड़ी तक का सफर पहले से आधे से भी कम समय में तय किया जाना संभव हो सकेगा।
लिंक रोड पर जहां वाहनों के लिए दो लेन का प्रावधान किया गया है। सड़क के दोनों और सवा मीटर का वॉक वे बनाया जाएगा। साजीदेहडा नाले से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक मीटर से कुछ कम ऊंची सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। नाले के प्रवाह को प्रभावित किए बिना करीब 350 मीटर लम्बे क्षेत्र में रोड को ऐलीवेटेड कर चौडा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *