कोटा में मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ संस्थान का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा रहे। कार्यक्रम में संस्थान की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से वरुण रस्सेवट को अध्यक्ष, सुजीत स्वामी को सचिव, दिनेश शर्मा को उपाध्यक्ष, कुंज बिहारी शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा रजत शर्मा को सदस्य चुना गया। संस्थान सकारात्मक सोच को बढ़ावा देगा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य सबसे बड़ी आवश्यकता बनता जा रहा है। अवसाद, चिंता और व्यवहारिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसे संस्थानों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मनोविज्ञान विशेषज्ञ संस्थान समाज में मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बनेगा। संस्थान के नवनिर्वाचित अध्यक्ष वरुण रस्सेवट ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जिले में निशुल्क मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग के माध्यम से व्यक्ति में आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित की जा सकती है। लोगों से अपील- शर्माना नहीं चाहिए साथ ही मानसिक रूप से परेशान या अवसादग्रस्त व्यक्तियों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि काउंसलिंग से शर्माना नहीं चाहिए और मनोवैज्ञानिक के प्रति सहज भाव रखना आवश्यक है। संस्था की सदस्यता हेतु मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर योग्यता अनिवार्य रखी गई है, जिससे तकनीकी रूप से योग्य और प्रशिक्षित पेशेवरों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। सचिव सुजीत स्वामी ने कहा कि संस्था पारिवारिक, बाल एवं व्यवहारिक काउंसलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करेगी। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने किया। समारोह में कई मनोवैज्ञानिकों को संस्थापक सदस्य के रूप में शामिल किया गया।


