कोटा में रात युवक पर हुई फायरिंग, घायल:कैथून रोड चाय की दुकान पर बैठा था सामने कॉलोनी से बाइक पर आया बदमाश फायरिंग कर फरार

कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में देर रात कैथून रोड स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पी रहे युवक पर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर दी। घटना कैथून रोड पर मैरिज गार्डन के पास स्थित चाय की दुकान की है। फायरिंग के दौरान गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। गनीमत यह रही कि गोली केवल हल्की चोट पहुंचाकर निकल गई और युवक को गंभीर चोट नहीं आई। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया। उद्योग नगर थाना के एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि घायल युवक की पहचान अंकित चंदेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश, झगड़ा या दुश्मनी नहीं है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर रात ही विशेष टीम का गठन किया और उद्योग नगर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाश की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने और किस उद्देश्य से की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *