कोटा में थाने में शिकायत करने गए युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने उच्च अधिकारियो को पूरे मामले की शिकायत दी। जिसके बाद 3 कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया है। घटना शनिवार 21 फरवरी की रात साढ़े 9 बजे के आसपास उद्योग नगर थाने की है। डीएसपी रूद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि शनिवार को डीसीएम चौराहे पर दो पक्ष में झगड़ा हुआ था। इस मामले में हनुमान गौतम को पुलिस लेकर आई थी। हनुमान गौतम ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। जिस पर हनुमान का मेडिकल करवाया है। रविवार को उद्योग नगर थाने के कांस्टेबल धर्मेंद्र, गिरिराज व घमंडी को लाइन हाजिर किया है। अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंदिरा गांधी नगर डीसीएम निवासी हनुमान गौतम ने बताया कि वो कैटरिंग का काम करते हैं। 20 फरवरी को कुन्हाड़ी इलाके में साइट थी। किसी ठेकेदार के जरिए साइट पर लेबर लगाई थी। लेबर को पैसे देने की बात ठेकेदार से हुई थी। उस दिन ठेकेदार का फोन बंद आ रहा था। लेबर पैसे मांग रही थी। उन्हें आधा पेमेंट कर दिया। अगले दिन शनिवार को रात साढ़े 8 बजे करीब 25-30 लेबर घर पर आए, और गाली गलौच ,लड़ाई झगड़ा करने लगे । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मेरे दो मैनेजर को पकड़कर थाने ले गई। पता लगने पर साढ़े 9 बजे करीब लेबर के खिलाफ शिकायत देने उद्योग नगर थाने पहुंचा। वहां पुलिस वालों ने मेरी बात नहीं सुनी। वहां मौजूद तीन कांस्टेबल धर्मेंद्र, घमंडी, गिरिराज तीनों शराब पिए हुए थे। तीनों डीओ चेंबर में से खींचकर मुझे थाने के पीछे कमरे में ले गए। वहां डंडे, पट्टे से मारपीट की। उन्होंने मैनेजर मोनू व नितेश के साथ भी मारपीट की।
मेरे हाथ, गाल, कान पर लगी है,पसली में भी दर्द हो रहा है। मोनू के पीठ, कूल्हे पर चोट के निशान है। नितेश के भी पट्टे मारे हैं।


