कोटा में सुबह बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश:पश्चिमी विक्षोभ का असर,मौसम विभाग की ओर से हाड़ौती में येलो अलर्ट जारी

कोटा में आज सुबह मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। तेज बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मावठ की बारिश ने शहर के अलग-अलग इलाकों को भिगो दिया। करीब 20 से 25 मिनट तक कोटा के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहा। एरोड्रम से डीसीएम रोड तक हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश धीरे-धीरे तेज हो गई। डीसीएम, उद्योग नगर और एरोड्रम चौराहे सहित कई इलाकों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। आसमान में बादल छाए रहने से ठंड में इज़ाफा महसूस किया गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार हाड़ौती अंचल में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान करीब 17 डिग्री रह सकता है। आज सुबह करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। बीते तीन दिनों से अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ था। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में इस बदलाव का असर खेती पर भी पड़ सकता है। बादल और संभावित ओलावृष्टि रबी फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *