नवल धर्मसभा एवं नवल धर्मसभा यूथ विंग के संयुक्त तत्वावधान में कोटा में राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। 28 फरवरी शनिवार को कोटा के बोरखेड़ा में श्याम रिसोर्ट में पांचवां राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। राजकुमार सरसिया ने बताया कि इस अधिवेशन में देशभर के 3,000 प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहेंगे। जबकि अध्यक्षता वर्तमान नवलगुरु गादीपति एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य चरणदास महाराज (जोधपुर) करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा, विधायक संदीप शर्मा और कल्पना देवी भी मौजूद रहेंगे। अधिवेशन में वाल्मीकि समाज के 6 प्रमुख पंथों के संत और नवल साहिब के वंशज उपस्थित होंगे। नवल धर्म सभा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सफेला ने बताया कि इस अधिवेशन को दो महत्वपूर्ण सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में समाज की प्रमुख मांगों पर आधारित होगा। जिसमें महर्षि नवल स्वामी के विचारों को राजस्थान के अकेडमिक सिलेबस में शामिल करने, कोटा में समाज के लिए छात्रावास के लिए भूमि आवंटन तथा जोधपुर में स्वामी के भव्य पैनोरमा निर्माण जैसे विषयों पर रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही, राजस्थान में सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और स्वामी के जन्मोत्सव पर सवैतनिक अवकाश घोषित करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई जाएगी। राकेश सफेला ने बताया कि दूसरे सत्र में नवल धर्मसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। इसके बाद सामाजिक सुधारों जैसे मृत्यु भोज पर रोक, अंधविश्वास व रूढ़िवादिता के उन्मूलन और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा होगी।


