कोटा शहर की रानपुर थाना पुलिस ने अवैध तरीके से चंदन की लकड़ी ले जाते एक व्यक्ति को पकड़ा है। उसके पास से 125 किलो 640 ग्राम चंदन की लकड़ी बरामद की गई है। आरोपी चंदन की लकड़ी को प्राइवेट स्लीपर बस की डिग्गी में रखकर झालावाड़ से जयपुर ले जा रहा था। रानपुर थाना सीआई मांगेलाल ने बताया-आरोपी अब्दुल हमीद (51) अशोक नगर तिरवागंज थाना कोतवाली जिला कन्नौज यूपी हाल छोटी चौपड़ जयपुर का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल कटी हुई चंदन की लकड़ी के बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जयपुर में हवन सामग्री की दुकान का दिया झांसा सीआई ने बताया- कोटा झालावाड़ हाइवे पर जगपुरा चौकी के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उस दौरान आंध्रप्रदेश नंबर की एमआर ट्रेवल्स की स्लीपर बस आती नजर आई। बस की तलाशी में स्लीपर बस की डिग्गी को चेक किया गया। उसमें 3 सफेद प्लास्टिक के कट्टे रखे मिले। संदिग्ध लगने पर खोलकर देखा तो उसमें चंदन की कटी लकड़ियां थी। इस पर कट्टा मालिक से पूछताछ की गई। उसने जयपुर में हवन सामग्री की दुकान होना बताया। वह गीली चंदन की लकड़ी परिवहन व रखने बाबत लाइसेंस, अनुज्ञापत्र नहीं दे पाया, जिस पर चंदन की लकड़ी को जब्त किया गया।


